छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह 2026
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह 2026
19–20 सितंबर को अंबिकापुर बनेगा अग्रवाल समाज की एकता, सेवा, चिंतन एवं सम्मान का केंद्र
18 क्षेत्रों की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिलेगा "अग्र भूषण", "अग्र शिरोमणि" एवं "अग्र गौरव" सम्मान, ₹11,000 की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह से होंगे सम्मानित
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का वार्षिक द्वि-दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह–2026 आगामी 19 एवं 20 सितंबर को अंबिकापुर में भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इस विराट आयोजन का संयुक्त आतिथ्य अग्रवाल सभा अंबिकापुर एवं सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा द्वारा किया जाएगा। आयोजन में प्रदेशभर से लगभग 500 से अधिक प्रतिनिधियों, विभिन्न अग्रवाल सभाओं के अध्यक्ष, महामंत्री, महिला एवं युवा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सहभागिता प्रस्तावित है।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 सितंबर को आयोजित होने वाला प्रांतीय अधिवेशन केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि पूरे अग्रवाल समाज का "विचार महाकुंभ" होगा। इस अवसर पर संगठन की भावी कार्ययोजना, समाज की वर्तमान चुनौतियाँ, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सेवा प्रकल्प, संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, सामाजिक समरसता एवं समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श एवं मंथन किया जाएगा। साथ ही समाजहित में कई महत्वपूर्ण निर्णय एवं प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा अंचल में इस अधिवेशन के आयोजन से प्रदेशभर के समाजबंधुओं के बीच आत्मीयता और आपसी विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा। पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी तथा समाज की सांस्कृतिक चेतना एवं संगठनात्मक एकता को नई दिशा प्राप्त होगी।
20 सितंबर को होगा दशम अग्र अलंकरण समारोह
अधिवेशन का सबसे आकर्षक एवं बहुप्रतीक्षित आयोजन 20 सितंबर को आयोजित होने वाला दशम अग्र अलंकरण समारोह होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 18 अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित करने वाले अग्रबंधुओं को मंचासीन अतिथियों के कर-कमलों से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाली विभूतियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप "अग्र भूषण", "अग्र शिरोमणि" एवं "अग्र गौरव" जैसी प्रतिष्ठित उपाधियों से अलंकृत किया जाएगा। प्रत्येक सम्मानित प्रतिभा को ₹11,000 की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र एवं आकर्षक स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित सम्मान समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग-व्यापार, प्रशासन, साहित्य, संस्कृति, खेल, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों को समर्पित रहेगा।
दशम अग्र अलंकरण समारोह हेतु समिति का गठन
समारोह के सफल संचालन एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के लिए अग्र अलंकरण समिति का गठन किया गया है।
संयोजक
श्री ललित अग्रवाल (जगदलपुर)
सह-संयोजक
श्री पंकज अग्रवाल (रायपुर)
श्री विजय गोयल (रायपुर)
श्रीमती वर्षा अग्रवाल (अंबिकापुर)
समिति को सम्मान चयन प्रक्रिया, अतिथि समन्वय, मंच संचालन, सम्मान समारोह के सफल आयोजन तथा संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजकों ने प्रदेशभर के अग्रवाल समाज से परिवार सहित इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता का आग्रह करते हुए कहा कि अंबिकापुर में आयोजित यह अधिवेशन संगठन की भावी दिशा तय करने, समाज की एकता को और अधिक मजबूत बनाने, सेवा गतिविधियों को नई गति देने तथा समाज की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला एक ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय आयोजन सिद्ध होगा।
जारीकर्ता
संजय अग्रवाल
प्रांतीय महामंत्री
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन (रजि.)

Post a Comment