नगर निगम जोन क्र.9 एवं बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही 6 दिनों से अंधेरे में डूबी शिवम् सिटी कॉलोनी
नगर निगम जोन क्र.9 एवं बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही 6 दिनों से अंधेरे में डूबी शिवम् सिटी कॉलोनी
रायपुर/सड्डू। महात्मा गांधी वार्ड 08में और जोन 9 के स्थित शिवम् सिटी कॉलोनी में पिछले 6 दिनों से सभी स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश है। लगातार हो रही बारिश के बीच पूरी कॉलोनी अंधेरे में डूबी हुई है, जिससे लोगों को रात के समय आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव सड़कों एवं घरों के आसपास दिखाई दे रहे हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बिजली विभाग का हेल्प लाइन 1912 एवं 1100 नंबर में शिकायत किया,आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम जोन क्रमांक-9, संबंधित बिजली विभाग तथा जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक समस्या का समाधान नहीं किया है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि जोन कमिश्नर एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्ट्रीट लाइट चालू नहीं की गई और किसी प्रकार की दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
कॉलोनीवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि शिवम् सिटी की सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जनआंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

Post a Comment