सिलतरा में 600 से अधिक किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अभियान जारी, अधिकारियों ने कानून पालन की दी समझाइश
सिलतरा में 600 से अधिक किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अभियान जारी, पुलिस अधिकारियों ने कानून पालन की दी समझाइश
रायपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा किरायेदारों एवं बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड अद्यतन रखने के उद्देश्य से थाना सिलतरा द्वारा व्यापक पुलिस सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) श्री अभिषेक झा एवं उप पुलिस अधीक्षक (DYSP) श्री लम्बोदर पटेल की उपस्थिति में थाना प्रभारी सिलतरा निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कँवर के नेतृत्व में थाना सिलतरा क्षेत्र के जीके वीडियो हॉल में विशेष पुलिस सत्यापन शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में लगभग 600 किरायेदारों का पुलिस सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान किरायेदारों एवं संबंधित व्यक्तियों के आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया गया तथा उनकी जानकारी पुलिस अभिलेखों में दर्ज की गई। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में निवास करने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापित रिकॉर्ड तैयार करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने मकान मालिकों से अपील की कि वे अपने यहां रहने वाले प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराए पर कमरा या मकान उपलब्ध न कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर पुलिस सत्यापन कराने से अपराध नियंत्रण में सहायता मिलती है तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने में सुविधा होती है।
थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कँवर ने बताया कि थाना सिलतरा क्षेत्र में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन किरायेदारों का अभी तक सत्यापन नहीं हुआ है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित स्थान पर पहुंचकर अपना पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।




Post a Comment