छेड़ीखेड़ी में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, धूल और बदहाल सड़क से लोग परेशान
छेड़ीखेड़ी में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, धूल और बदहाल सड़क से लोग परेशान
धरसीवां/ छेड़ीखेड़ी गांव में सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे रोजाना लोगों को धूल, गड्ढों और खराब सड़क की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर उड़ रही धूल के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों को सांस संबंधी परेशानियों के साथ-साथ आवागमन में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व इसी मार्ग पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग ने स्थिति सुधारने की दिशा में गंभीर पहल नहीं की। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य की जानकारी क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा के संज्ञान में होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय पर सड़क निर्माण पूरा किया जाता और सुरक्षा मानकों का पालन होता, तो दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए तथा धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। गांववासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Post a Comment