सड्डू चंदन डेयरी में अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुल्डोजर,

सड्डू चंदन डेयरी में अवैध कब्जे पर चला प्रशासन का बुल्डोजर, पार्षद सावित्री भारत धीवर की पहल पर हुई बड़ी कार्रवाई
रायपुर। महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 08 में लंबे समय से चर्चा में रहे सड्डू स्थित चंदन डेयरी के अवैध कब्जे पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्जा मुक्त कराया। वार्ड की पार्षद सावित्री भारत धीवर की पहल और लगातार प्रयासों के बाद तहसीलदार, नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।
सुबह से ही प्रशासनिक अमला एवं निगम कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही और प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अभियान पूरा किया।
पार्षद सावित्री भारत धीवर ने कहा कि वार्ड में अवैध कब्जों के कारण आम जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण होने से नागरिकों की सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं। जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्रशासन से लगातार कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद यह बड़ी कार्यवाही संभव हो सकी।
इस कार्रवाई में विशेष रूप से पार्षद प्रतिनिधि शरद “बंटी” पांडेय की भूमिका भी अहम रही। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्रवाई को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर उन्होंने व्यवस्था संभाली और अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि वार्ड में सुव्यवस्थित विकास हो सके और आम नागरिकों को राहत मिल सके। लोगों ने पार्षद सावित्री भारत धीवर एवं प्रशासनिक टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनहित में की गई यह कार्रवाई क्षेत्र के लिए सकारात्मक संदेश है।
नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी अन्य स्थानों पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई के बाद महात्मा गांधी वार्ड 08 में साफ-सफाई, सुगम यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर लोगों में नई उम्मीद जगी है। जनता का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के संयुक्त प्रयास से ही वार्ड का विकास संभव है और भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के मुद्दों पर तत्परता से काम किया जाना चाहिए। •

कोई टिप्पणी नहीं

छत्तीसगढ़ पत्रकार यूनियन ने अफरोज ख्वाजा पर जताया भरोसा, सौंपी राजधानी रायपुर की कमान

 छत्तीसगढ़ पत्रकार यूनियन ने अफरोज ख्वाजा पर जताया भरोसा, सौंपी राजधानी रायपुर की कमान छत्तीसगढ़ पत्रकार यूनियन द्वारा राजधानी रायपुर के सक्...

Blogger द्वारा संचालित.