सुशासन तिहार बना जनसेवा का उत्सव : अन्नप्राशन, गोद भराई और मेधावी छात्रों के सम्मान से सजा नवागांव शिविर
सुशासन तिहार बना जनसेवा का उत्सव : अन्नप्राशन, गोद भराई और मेधावी छात्रों के सम्मान से सजा नवागांव शिविर
नवागांव (खु.) प्रदेश सरकार की *“सरकार जनता के द्वार”* की सोच को साकार करते हुए आयोजित *सुशासन तिहार* के अंतर्गत नवागांव (खु.) में *संवाद से सम्पूर्ण समाधान शिविर* का सफल आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल की अगुवाई में संपन्न हुआ। शिविर में जनसमस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया गया। वहीं *अन्नप्राशन, गोद भराई एवं मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह* कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अग्रवाल द्वारा विभागीय स्टॉलों के निरीक्षण से हुई। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर शिकायतों के निराकरण एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इसके बाद *भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, महात्मा गांधी एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर* के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जनता की सेवा और समस्याओं के निराकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
शिविर में *महिला एवं बाल विकास विभाग* द्वारा **गोद भराई, अन्नप्राशन, किशोरी बालिका स्वच्छता किट वितरण, नोनी सुरक्षा योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना** के तहत लाभ प्रदान किया गया। इसके अलावा *उज्ज्वला योजना* के तहत गैस वितरण, *परिवहन विभाग* द्वारा लर्निंग लाइसेंस, *राजस्व विभाग* द्वारा ऋण पुस्तिका, *स्वास्थ्य विभाग* द्वारा आयुष्मान कार्ड, *प्रधानमंत्री आवास योजना* के हितग्राहियों को आवास की चाबी, *मनरेगा* के अंतर्गत जॉब कार्ड तथा *एनआरएलएम विभाग* द्वारा *लखपति दीदी प्रमाण पत्र* एवं चेक वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार विश्वरंजन सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



Post a Comment