किसान की बेटी हेमलता साहू ने प्रदेश में पांचवां स्थान पाकर बढ़ाया क्षेत्र का मान
लोकेशन खरोरा
रिपोर्टर रोहित वर्मा
*शराब भट्टी हटे, यही सबसे बड़ा उपहार” : किसान की बेटी हेमलता साहू ने प्रदेश में पांचवां स्थान पाकर बढ़ाया क्षेत्र का मान, सफलता के साथ दिया सामाजिक संदेश*
एंकर
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट योजना अंतर्गत भारत देवांगन शासकीय हिंदी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खरोरा, की प्रतिभाशाली छात्रा हेमलता साहू ने हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में 500 में से 487 अंक प्राप्त कर प्रदेश की टॉप-10 सूची में पांचवां स्थान हासिल कर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ग्राम नहरडीह की इस मेधावी बेटी की सफलता से विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। हेमलता साहू के पिता भेखलाल साहू ग्राम पंचायत नहरडीह के पूर्व सरपंच एवं किसान हैं, जबकि माता भानूलता साहू गृहणी हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर हेमलता ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह असाधारण उपलब्धि हासिल की है। पढ़ाई के साथ चित्रकारी और गायन में विशेष रुचि रखने वाली हेमलता का लक्ष्य शिक्षक बनकर समाज को नई दिशा देना है। उनकी सफलता पर क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने बिटिया को हार्दिक बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया। वहीं जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे ने भी हेमलता की इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष पूरन साहू और सरपंच अनिल कुमार सायतोड़े हेमलता से पूछा कि उन्हें उपहार स्वरूप क्या चाहिए, तो इस होनहार बेटी ने अत्यंत परिपक्व और सामाजिक चेतना से भरपूर उत्तर देते हुए कहा— “हमारे क्षेत्र से शराब भट्टी हटाया जाए, यही मेरे लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।” हेमलता के इस जवाब ने सभी को भावुक कर दिया और यह साबित कर दिया कि आज की युवा पीढ़ी केवल व्यक्तिगत सफलता ही नहीं, बल्कि समाज सुधार की सोच भी रखती है। हेमलता की यह उपलब्धि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत उदाहरण बनकर सामने आई है। उनकी सफलता और सामाजिक संदेश ने पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को नई प्रेरणा प्रदान की है।
बाइट
हेमलता साहू
Post a Comment